मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून (CAA) को लागू करने से कोई नहीं रोक सकता है। प्रधानमंत्री मोदी किसी से डरते नहीं हैं, वह देश के शेर हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अगर मोदी राम हैं तो अमित शाह हनुमान हैं।
देशभर में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। देश की राजधानी दिल्ली, लखनऊ, भोपाल और असम में भी पिछले कई दिनों से प्रदर्शन जारी हैं।
बता दें कि नागरिकता संशोधन कानून (Citizenship Amendment Act, 2019) भारत की संसद द्वारा पारित कर दिया गया है। इस कानून के द्वारा सन 1955 का नागरिकता कानून को संशोधित करके यह व्यवस्था की गयी है कि 31 दिसम्बर 2014 के पहले पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से भारत आए हिन्दू, बौद्ध, सिख, जैन, पारसी एवं ईसाई धार्मिक प्रताड़ना झेल रहे लोगों को भारत में नागरिकता दी जाएगी। इस कानून में भारतीय नागरिकता प्रदान करने के लिए आवश्यक 11 वर्ष तक भारत में रहने की शर्त में भी ढील देते हुए इस अवधि को 5 वर्ष तक भारत में रहने की शर्त के रूप में बदल दिया गया है।